सीखना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सीखना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 31 अक्टूबर 2023

बदलते परिभाषा

परिभाषा बदलती रहती है। कभी "लुंचन" एक आदरणीय संन्यासी होता था, पर आज लुच्चा एक घृणित व्यक्ति को कहा जाता है। कभी "हीरो" किसी वीर पुरुष को कहा जाता था, पर आज एक नकलची व्यक्ति को कहा जाता है। उसी प्रकार आज प्रेम, रिश्ते, मां, बाप, पंडित, बाबा आदि की परिभाषा बदल गई है।

इसी प्रकार माता-पिता, भाई-बहन, बन्धु-सखा आदि का भी एक पद (rank) के रूप में प्रयोग किया जाता रहा है। यह पद विशेष गुणों पर आधारित था। जैसे - माता यानी माँ के समान ध्यान रखने वाली, पिता यानी पिता के समान आपूर्ति करने वाला आदि।

यदि हीरो (वीर) की बात करें, तो ऐसा वीर पुरुष का ध्यान किया जाता था जिसे आदर्श माना जाता था। पर आज उसे हीरो कहा जाता है जो एक बन्दर की तरह कभी इसकी नकल करता है, कभी उसकी। जिसका न अपना कोई आदर्श है, न दूसरों का कोई आदर्श मानता हो।

"प्रेम" शब्द का भी यही हाल है। माता-पिता अपने बच्चों से प्रेम करते हैं। इसलिए वे अपने बच्चों के कल्याण के लिए सारा जीवन समर्पित रहते हैं। परंतु आज प्रेम का अर्थ है अपनी कामना की पूर्ति के लिए दूसरों को अपना गुलाम बनाने की कोशिश करना। यही कारण है कि आज माता-पिता से प्रेम न होकर एक पराये, अपरिचित विपरीत लिंगी से ही प्रेम होता है।

नम्रता का अर्थ है कि दूसरों को और उनके विचारों को आदर देना। दूसरों का दुःख-दर्द समझना। अपने बुद्धि, विवेक, सुख, समृद्धि का प्रदर्शन नहीं करना। पर आज Sorry, Please, Thank you से नम्रता का प्रदर्शन किया जाता है। उसके पीछे का भाव से कोई मतलब नहीं है। किसी को धक्का मारो और Sorry कह दो और आगे बढ़ जाओ। अगर कोई कुछ कहे तो डांटकर जोर से चिल्लाओ - "सॉरी कहा न!"। क्या यह नम्रता है? एक तो हम सम्हलकर चलते हैं। हमेशा यही कोशिश में रहते हैं कि किसी को हमसे धक्का न लगे। फिर भी किसी प्रकार गलती हो गई और धक्का लग गया तो मुँह से निकलता है - "आह।" और तुरत उस व्यक्ति की ओर चेहरे पर पश्चाताप लिए देखने लगते हैं। उस व्यक्ति के क्षमा करने तक प्रतीक्षा करते हैं। जब वह व्यक्ति - "कोई बात नहीं।", ऐसा कहता है तब मन को संतोष मिलता है। क्या है नम्रता?

आदर क्या है? रामायण में राम अपने पिता के वचन को पूरा करने हेतु स्वयं को समर्पित करते हुए नम्र आवाज में कहते हैं - "पिताजी, हमें वन जाने की आज्ञा दीजिए।" - यह है पिता के प्रति आदर। महाभारत में दूर्योधन कहता है - "पितामह, क्षमा करें। द्रौपदी को हमने जुए में जीता है। इसलिए हम इसके साथ जो भी व्यवहार कर सकते हैं।" क्या यही है पितामह के प्रति आदर। इसी प्रकार आज लोग ऐसा कहते हुए देखे जाते हैं - "मैं आपका बहुत आदर करता हूँ। आप मेरे रास्ते से हट जाइए। वरना...." यह कैसा आदर है?

सेवा का अर्थ आज नौकरी या नेतागिरी ही है। दोनों ही जगह व्यवसाय से मतलब है। यानी लेन-देन। एक हाथ से दो, दूसरे हाथ से लो। ऐसी अवस्था में पिता-पुत्र, गुरु-शिष्य आदि के बीच पुराना सेवा भाव कहाँ रह पायेगा? अर्थात आज सेवा का संबंध केवल धन से है।

इन परिभाषाओं से आप किन परिभाषा को मान्यता देंगे, ये आप पर निर्भर करता है। जैसी मान्यता आप देंगे, वैसा ही समाज आपको मिलेगा। इसलिए कैसा समाज आप चाहते हैं, आप स्वयं निर्णय करें।

शनिवार, 16 जुलाई 2016

बच्चे मन के सच्चे

      मैं अरुण कक्षा में पढ़ा रहा था। श्यामपट पर लिख दिया दिया था - अ आ इ ई उ ऊ ऋ ए ऐ ओ औ अं अः। फिर एक लम्बी छड़ी से प्रत्येक अक्षरों को इंगित करते हुए उसकी कविता बोल रहा था। "अनार मीठा खूब खाओ....." बच्चे उन्हें दुहरा रहे थे। इस प्रकार अ से अः तक की कविता मैंने पूरी पढ़ा दी। 
      तभी एक शिशु अपने बेंच से उठा। मैंने उसकी ओर देखा। वह सीधा चलते हुए मेरे सामने आ कर खड़ा हो गया। मैं बड़ी उत्सुकता से उसकी ओर देख रहा था। उसने मुझसे छड़ी माँगी। मैंने सोचा वह भी मेरी तरह पढ़ाना चाहता है। बच्चे तो नकल करते ही हैं। मैंने उसे छड़ी दे दी। उसने वह छड़ी पकड़ी और मेरे जाँघ पर एक छड़ी हल्के से लगाई फिर कहा - आप एक गलती किए थे। फिर वह अपने जगह जाकर बैठ गया। 
      मैं उसे कुछ देर तक अवाक देखता रह गया। बाद में मुझे याद आया कि मैंने एक पंक्ति "ईख उठाकर यहाँ ले आओ" को "ईख तोड़कर यहाँ ले आओ" कह दिया था। फिर मुझे हँसी आ गई। घंटी बज चुकी थी इसलिए मैं कक्षा से बाहर निकल गया। क्या आप इस घटना का कुछ विष्लेशन करना चाहेंगे।

गुरुवार, 25 दिसंबर 2014

गुरू परंपरा


मेरे मन में भी एक सवाल बार-बार उठता है कि यह गुरू परंपरा है क्या और इसकी आवश्यकता क्या है। इसके बारे में मैं भी सोचने लगा, बिलकुल आप लोगों की तरह.....।

जन्म लेते ही कोई ज्ञानी या समझदार नहीं होता. उसे किसी चीज की भी कोई जानकारी नहीं होती। पर बच्चे को उसके माता-पिता अपनी समझ और ज्ञान के अनुसार सब कुछ सिखाते हैं। इसलिए माता-पिता बच्चों के पहले गुरू होते हैं। माता-पिता के बाद वे पास-पड़ोस में जाते हैं और वहाँ से अनेक बातों को सीख लेते हैं। इसलिए पास-पड़ोस दूसरे गुरू हुए। पश्चात् वे विद्यालय जाने लगते हैं और अनेक शिक्षक उन्हें अनेक प्रकार का ज्ञान देते हैं। वे तीसरे गुरू हुए। विद्यालय से निकलने के बाद भी उन्हें गुरू तो चाहिए ही, जैसे - नेता, धर्मगुरू, कुल गुरू, व्यवसाय गुरू आदि। यही तो है गुरू परंपरा। और इसकी आवश्यकता भी स्पष्ट समझ में आती है।

आज के नवयुवकों को जाने किसने कह दिया हमें रूढ़ीवाद नहीं होना चाहिए। नया इतिहास बनाना चाहिए। बस इन नवयुवकों ने बड़े-बुजुर्गों से मुँह फेर लिया और चल दिए नया इतिहास बनाने। बुजुर्गों की कोई पूछ नहीं, कोई सम्मान नहीं। तो नवयुवकों के साथ कैसे दिन बिताये। वे किसी वृ्द्धाश्रम में दिन बिताते नजर आते हैं।

भाई, नया इतिहास तो तब बनेगा, जब हम बड़े-बुजुर्गों के अनुभवों को जान लेंगे और उनके अनुभवों का प्रयोग बार-बार करते हुए उन्हें जाँच-परख लेंगे। तभी हम उनके प्रयोगों की कमी और फायदे का निर्णय ले पायेंगे। सही ढंग से जाँचे-परखे बिना बुजुर्गों के अनुभव को गलत ठहराना किसी भी प्रकार लाभकारी नहीं हो सकता।

इन सभी के अतिरिक्त एक बात और है- किसी भी अनुभवों की सही ढंग से जाँच-परख करने पर कुछ नुक्सान दिखेंगे तो कुछ फायदे भी दिखेंगे। उस अवस्था में बिना अनुभव के कोई नया नियम लागू करना भयानक भी हो सकता है। इसलिए पुराने नियमों में ही कुछ सुधार कर प्रयोग में लाना ज्यादा फायदेमंद दिखता है।

इसी प्रकार सुधारवादी प्रक्रियाओं से गुजरकर हिन्दू धर्म में आज का स्वरूप दिखता है। सबसे पहले का सनातन धर्म, फिर साकार-निराकार, शैव-वैष्णव आदि होते हुए लाखों सम्प्रदाय से गुजर कर भी धर्म एक ही है - हिन्दू धर्म। यानी सभी के मूल में सनातन धर्म आज भी विद्यमान है।

यह अद्भुत हिन्दूधर्म इतना विशाल है जिसमें सभी सम्प्रदाय को पचाने की शक्ति है। अन्य धर्मों ने जगत विजय करने के लिए शस्त्रों का सहारा लिया। पर पवित्र हिन्दुधर्म के विस्तार के लिए स्वामी विवेकानंद, आदि गुरू शंकराचार्य, गौतम बुद्ध आदि ने केवल शास्त्र का ही सहारा लिया। यही है हिन्दुओं की गुरू परंपरा।

आज रूस, चीन, अमेरिका आदि बड़े-बड़े विकसित देश की क्या हालत है सभी जानते हैं। इन बड़े विकसित देशों में आत्महत्याओं की संख्या भी बड़ी है। दूर के ढोल सुहावने होते है। प्रारंभ में अनेकों नवयुवक भारत से बड़ी संख्या में अच्छे भविष्य की लालच में उन विकसित देशों में जाते हैं। पर 10-15 साल में ही भारत के गुणगान फिर से शुरू करते हैं। यही है हमारी गुरू परंपरा से संतुलित जीवन का आनंद।

अतः आइये हम भी यह संकल्प लें कि हम अपने गुरू परंपरा का सम्मान करते हुए अपने ही परंपरा को और भी समृद्ध बनाकर संसार का कल्याण करेंगे।
श्रेयान्स्वधर्मो विगुणः परधर्मात्स्वनुष्ठितात्।
स्वधर्मे निधनं  श्रेयः  परधर्मो  भयावहः।।